मोबाइल एवं टीवी के स्क्रीन समय के प्रभाव पर डीएवी पब्लिक स्कूल बरही में भाषण प्रतियोगिता आयोजित
बरही : डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बरही में विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मविश्वास एवं प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के उद्देश्य से "रोजमर्रा के जीवन में मोबाइल एवं टीवी के स्क्रीन समय का प्रभाव" विषय पर विद्यालय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने अपने भाषणों में बताया कि मोबाइल एवं टीवी का सीमित और उद्देश्यपूर्ण उपयोग शिक्षा, ज्ञान एवं मनोरंजन का प्रभावी माध्यम है, लेकिन अत्यधिक स्क्रीन समय से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों ने आँखों की समस्याएं, एकाग्रता में कमी, शारीरिक निष्क्रियता, नींद में बाधा तथा पारिवारिक संवाद में कमी जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही समय प्रबंधन, खेल-कूद, पुस्तक पठन, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने का संदेश भी दिया।
प्रतियोगिता में शिक्षा सौडिक (कक्षा 8-सी) ने प्रथम, आरोही (कक्षा 7-ए) ने द्वितीय तथा आराध्य (कक्षा 8-डी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री पुष्प कुमार झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक आज की आवश्यकता है, लेकिन उसका संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग ही जीवन को स्वस्थ और सफल बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल अनुशासन अपनाने तथा स्क्रीन समय को नियंत्रित रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने इस आयोजन को विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मविश्वास एवं वक्तृत्व कला के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए धर्मेंद्र कुमार एवं नीतीश कुमार की सराहना की।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.