जिस भूमि पर मेला लगाया गया है, वह वर्ष 2009 से न्यायालय में विवादित

गिरिडीह :  गिरिडीह जिले के डुमरी अंचल अंतर्गत मौजा जामतारा की विवादित रैयती जमीन पर डिज्नीलैंड मेले के आयोजन को लेकर नया विवाद सामने आया है। जमीन के खाताधारियों ने आरोप लगाया है कि जिस भूमि पर मेला लगाया गया है, वह वर्ष 2009 से न्यायालय में विवादित है और इस मामले की सुनवाई झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में चल रही है।
खाताधारियों के अनुसार, संबंधित भूमि का वर्ष 2019 तक लगान रसीद कटा है। इसके बाद से भूमि विवाद न्यायालय में लंबित है। उनका दावा है कि झारखंड उच्च न्यायालय ने इस मामले में यथास्थिति (Status Quo) बनाए रखने का आदेश दिया है। इसके बावजूद संबंधित भूमि पर डिज्नीलैंड मेला लगाया गया, जो न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है।
इसी मामले को लेकर खाताधारियों ने उपायुक्त गिरिडीह, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) डुमरी, अंचल अधिकारी (सीओ) डुमरी, डुमरी थाना, झारखंड उच्च न्यायालय, रांची सहित अन्य करीब 12 संबंधित कार्यालयों में आवेदन देकर मेले को हटाने और न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
खाताधारियों का कहना है कि यदि न्यायालय के आदेश के बावजूद विवादित भूमि पर मेला संचालित होता है, तो यह कानून और न्यायिक प्रक्रिया की अवहेलना होगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.