वायुसेना अग्निवीर का प्रशिक्षण पूर्ण कर गांव लौटे रोहित कुमार का पिहरा पश्चिमी में हुआ भव्य स्वागत

गिरिडीह :  ग्राम पंचायत पिहरा पश्चिमी के लिए आज गौरव एवं हर्ष का दिन रहा। ग्राम जगदीशपुर निवासी श्री शंकर साव के पुत्र श्री रोहित कुमार ने वायुसेना अग्निवीर का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने गांव लौटने पर पंचायतवासियों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

रोहित कुमार के आगमन को लेकर खेरडा मोड़ से भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। रोड शो में बड़ी संख्या में पंचायतवासी, युवा, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए। तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण माहौल में ग्रामीणों ने रोहित कुमार का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि रोहित कुमार की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और देशसेवा के जज़्बे के साथ उन्होंने वायुसेना अग्निवीर का प्रशिक्षण पूरा कर अपने माता-पिता, परिवार एवं गांव का नाम गौरवान्वित किया है। उनका यह सफर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी सेना एवं देशसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

मुखिया अमित कुमार ने कहा कि, “रोहित कुमार जैसे युवाओं की उपलब्धि पूरे पंचायत एवं क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनके स्वागत में उमड़ा जनसैलाब यह दर्शाता है कि हमारे ग्रामीणों के दिल में देशसेवा करने वाले युवाओं के प्रति कितना सम्मान है। हम रोहित के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवाकाल की मंगलकामना करते हैं।”

उन्होंने पंचायत के युवाओं से आह्वान किया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें तथा देश एवं समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।


इस अवसर पर ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा— “रोहित कुमार की सफलता, पिहरा पश्चिमी का सम्मान है।”“देशसेवा के जज़्बे को सलाम!”“जय हिन्द! जय जवान! जय भारत!”

रिपोर्टर : सचिन्दानंद 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.