गिरिडीह में ‘मेडिएशन फॉर नेशन 3.0’ का शुभारंभ
गिरिडीह : माननीय सर्वोच्च न्यायालय, एमसीपीसी एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार ‘मेडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान का शुभारंभ 1 अगस्त 2026 से किया गया है। अभियान के तहत अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों को चिन्हित कर उन्हें मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति से निष्पादित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान को सफल बनाने एवं आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा ने किया। बैठक में गिरिडीह न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान के तहत मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस के मामले, सड़क दुर्घटना से संबंधित मामले, सुलहनीय आपराधिक मामले, पार्टिशन सूट, लैंड एक्शन से जुड़े मामले, कॉन्ट्रैक्ट एवं लेबर एक्ट से संबंधित मामले सहित अन्य सुलहनीय मामलों को चिन्हित कर मध्यस्थता के लिए अग्रसारित किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि मध्यस्थता के माध्यम से दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान किया जाता है। इससे पक्षकारों को लंबे समय तक न्यायालय का चक्कर लगाने से राहत मिलती है और समय एवं धन की भी बचत होती है। आपसी सहमति से होने वाला समाधान अपेक्षाकृत टिकाऊ होता है तथा समझौते के बाद मामले के अंतिम रूप से निष्पादन में सुविधा मिलती है।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘मेडिएशन फॉर नेशन’ के दूसरे चरण की सफलता को देखते हुए इसका तीसरा चरण शुरू किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान कराकर इस अभियान का लाभ उठाएं।
बैठक में मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
रिपोर्टर : अमित कुमार
No Previous Comments found.