जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन योजनाओं को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

गिरिडीह : 12 अगस्त 2026 जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-II की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति, जल गुणवत्ता, योजनाओं के निर्माण, संचालन एवं रख-रखाव की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

इसी क्रम में उपायुक्त ने निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है, साथ ही पूर्ण हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन और नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। अधिकारियों एवं अभियंताओं को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की नियमित निगरानी करने तथा तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने जिले के सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में पेयजल सुविधा की वास्तविक स्थिति का सर्वे और सत्यापन कराने को कहा। जिन संस्थानों में पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं है अथवा व्यवस्था कार्यशील नहीं है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने जल स्रोतों और आपूर्ति किए जा रहे पानी की नियमित जांच कराने तथा गुणवत्ता संबंधी समस्या मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-II के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ओडीएफ प्लस मॉडल गांव, स्वच्छता गतिविधियों और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित कार्यों में तेजी लाने, जनभागीदारी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को मजबूत करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि पेयजल और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। इसलिए दोनों योजनाओं को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुंच सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार सहित कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक एवं संबंधित सभी कर्मी इस बैठक में शामिल रहे।

रिपोर्टर : अमित कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.