शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान

गिरिडीह : गिरिडीह में शिक्षक दिवस के मौके पर शनिवार को शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहीं वरिष्ठ शिक्षकों को शॉल और पौधे देकर सम्मानित किया गया, तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति आभार जताया गया। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट की ओर से किरण पब्लिक स्कूल में पांच वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। वहीं के. एन. बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में भी शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। दोनों ही कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण के साथ उन्हें जीवन की सही दिशा भी दिखाते हैं।

5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस... यह दिन देश के महान शिक्षक, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में शिक्षक के योगदान को याद किया जाता है और विद्यार्थियों के जीवन में उनके महत्व को रेखांकित किया जाता है। इसी कड़ी में गिरिडीह में भी शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के सम्मान में कई कार्यक्रम आयोजित हुए।

वहीं गिरिडीह शहरी क्षेत्र के कोलडीहा मे संचालित किरण पब्लिक स्कूल में लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलिट की ओर से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद स्कूल के पांच वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल और पौधे देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लायंस क्लब के रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते। वे विद्यार्थियों को जीवन जीने की कला सिखाते हैं और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चे को जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक उसके व्यक्तित्व को गढ़कर उसे एक अच्छा इंसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जीवन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और सही सोच का महत्व भी शिक्षक ही समझाते हैं।
लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन राहुल वर्मन ने कहा कि जीवन में मिलने वाली हर सफलता के पीछे शिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है। शिक्षक विद्यार्थियों को सिर्फ पढ़ाते नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के संघर्षों का सामना करना और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ना भी सिखाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को नमन करते हुए उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया l
शिक्षकों के सम्मान का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। 
जिले के बेंगाबाद प्रखण्ड के करमाटांड मे स्थित के. एन. बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में भी शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी कार्यक्रम के केंद्र में शिक्षक, उनका योगदान और विद्यार्थियों के जीवन में उनकी भूमिका रही। कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य, प्राध्यापक और प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजीत कुमार सिंह ने कहा कि 5 सितंबर भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जन्मजयंती है। डॉ. राधाकृष्णन महान शिक्षक और दार्शनिक थे। उनके सम्मान में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन देश के उन तमाम शिक्षकों के समर्पण और अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है, जो विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ समाज निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राचार्य ने कहा कि शिक्षक किसी भी विद्यार्थी के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। उनके द्वारा दिया गया ज्ञान और संस्कार विद्यार्थी के भविष्य को आकार देता है। एक शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, जिम्मेदारी, संस्कार और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में मदद करता है। यही विद्यार्थी आगे चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर के. एन. बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक दिवस के महत्व और गुरु-शिष्य के संबंध को अभिव्यक्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में ज्ञान प्रकाश, अभिषेक, गौतम, सतीश और सार्थक समेत अन्य प्रशिक्षणार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में प्रो. मुकेश सुमन, डॉ.शंकर सिंह, प्रो.बिनोद कुमार सुमन, प्रो. नूतन शर्मा, प्रो. सिंदबाद अंसारी, प्रो. अमीषा सिंह और राजेश कुमार समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। प्रशिक्षणार्थियों में अंजली आनंद, आशा कुमारी, रोशनी, ऋषभ कुमार, ललिता सोरेन, नीतीश कुमार समेत कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रो. नूतन शर्मा ने दिया, जबकि मंच का संचालन अभिषेक कुमार ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
दोनों कार्यक्रमों में लायंस क्लब के कोषाध्यक्ष लायन मसरूर आलम सिद्दीकी, लायन गौतम सागर, लायन अवनीश अंशु, लायन शत्रुघ्न सिंह समेत क्लब के कई सदस्यों के अलावा 
के. एन. बक्सी कॉलेज ऑफ अजूकेशन मे आयोजित शिक्षक दिवस कार्यक्रम में मुख्य रूप से  प्रो मुकेश सुमन, डॉ शंकर सिंह, प्रो बिनोद कुमार सुमन, प्रो नूतन शर्मा, प्रो सिंदबाद अंसारी, प्रो अमीषा सिंह, राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे। 

कुल मिला कर शिक्षक दिवस पर गिरिडीह में आयोजित दोनों कार्यक्रमों का संदेश एक ही रहा—शिक्षक समाज की वह मजबूत नींव हैं, जो विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार और जीवन की सही दिशा देते हैं। शिक्षकों के सम्मान में आयोजित इन कार्यक्रमों ने गुरु के प्रति सम्मान की परंपरा को और मजबूत किया।

रिपोर्टर : अमित कुमार 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.