जैन मध्य एवं उच्च विद्यालय, ईसरी बाजार में मना गणेश वर्णी का जयंती समारोह

गिरीडीह :  प्रसिद्ध जैन संत श्री गणेश प्रसाद जी वर्णी का 152वां जन्म जयंती समारोह (स्मृति दिवस)आज इसरी बाजार में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।सर्वप्रथम पारसनाथ दिगम्बर जैन मध्य एवं उच्च विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं ने अपने प्रधानाध्यापक सुनील कुमार जैन के नेतृत्व में एक आकर्षक प्रभातफेरी विद्यालय प्रांगण से निकाली जो नगर भ्रमण के उपरांत पुनः विद्यालय आकर समाप्त हो गई। छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए जाने वाले आज क्या है- वर्णी जयंती,वर्णी बाबा अमर रहे के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया।
       प्रभात फेरी की समाप्ति के उपरांत विद्यालय में विनयांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जैन समाज ईसरी के सचिव अशोक कुमार जैन (अधिवक्ता), अभय कुमार जैन,प्रदीप कुमार जैन, राजेश जैन, ऋषभ जैन, मध्य एवं उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार जैन ने संयुक्त रूप से वर्णी जी के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
        विद्यालय के कई छात्र-छात्राओं, शिक्षकों ने वर्णी जी के प्रति अपने उदगार व्यक्त किये।सभी ने शिक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।पारसनाथ दिगंबर जैन मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार जैन ने जानकारी दी की यद्यपि वर्णी जी का जन्म जैन कुल में नहीं हुआ था, लेकिन जैन धर्म के सिद्धांतों से प्रभावित होकर उन्होंने जैन धर्म को अंगीकार किया। अन्य जैन संतों की तरह उनका ध्यान मंदिरों की स्थापना पर नहीं शिक्षण संस्थानों की स्थापना पर था। उनके द्वारा स्थापित कई शिक्षण-संस्थान आज भी काफी अच्छे ढंग से संचालित किये जा रहे हैं,जिनमे इसरी बाजार का यह जैन विद्यालय भी है। कार्यक्रम का संचालन उच्च विद्यालय के शिक्षक संजीव जैन ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक सुनील कुमार जैन ने किया।

रिपोर्टर : ऋषभ कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.