जमुआ स्टेशन से 20 जायरीन उमरा के लिए रवाना, फूल-माला पहनाकर दी गई विदाई
गिरिडीह /(जमुआ): जमुआ रेलवे स्टेशन से आज बुधवार को 20 जायरीन का जत्था उमरा के लिए रवाना हुआ। सभी जायरीन अल जम जम उमराह ग्रुप के माध्यम से सऊदी अरब जा रहे हैं।
स्टेशन पर जायरीनों को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में उनके परिजन और स्थानीय लोग पहुंचे थे। इस दौरान जायरीनों को फूल-माला पहनाकर और गले मिलकर भावभीनी विदाई दी गई।
रवाना होने से पहले सामूहिक रूप से मुल्क में अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की गई।
अल जम जम उमराह ग्रुप के संचालक मौलाना सगीर अहमद ने बताया कि सभी जायरीन पहले मदीना जाएंगे, उसके बाद मक्का में उमरा अदा करेंगे। ग्रुप की ओर से जायरीनों के रहने, खाने और आने-जाने की पूरी व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर जायरीनों में काफी उत्साह देखा गया। परिजनों ने बताया कि उमरा पर जाना हर मुसलमान का ख्वाब होता है और आज उनका यह ख्वाब पूरा होने जा रहा है।
रिपोर्टर : आशीष भदानी

No Previous Comments found.