प्रधानाध्यापक पर लगे आरोपों की जांच करने विद्यालय पहुंचे डीओ
गिरीडीह : जमुआ प्रखंड के झारखंड नाथ प्लस टू उच्च विद्यालय तारा के प्रधानाध्यापक प्रकाश वर्मा के खिलाफ ग्रामीणों की लिखित शिकायत पर बुधवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) विनय कुमार विद्यालय पहुंचे। गिरिडीह उपायुक्त के निर्देश पर पहुंची जांच टीम ने ग्रामीणों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन से शिकायतों के संबंध में जानकारी ली। जांच के दौरान डीईओ ने विद्यालय की व्यवस्था और शैक्षणिक माहौल का भी जायजा लिया।
ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक पर विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में गिरावट, विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ कथित अनुचित व्यवहार, विद्यालय परिसर में बाहरी लोगों के हस्तक्षेप और राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने समेत कई आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक पर कथित अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया है। शिकायत में कुछ विद्यार्थियों को समय पर एडमिट कार्ड नहीं मिलने और इसके कारण परीक्षा से वंचित होने का मामला भी उठाया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोपों के घेरे में आए प्रधानाध्यापक के तत्काल स्थानांतरण की मांग पर भी ग्रामीण अड़े रहे।
जांच में डीईओ ने प्रधानाध्यापक को लगाई फटकार
जांच के दौरान डीईओ विनय कुमार ने शिकायत से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित लोगों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने प्रधानाध्यापक को भी फटकार लगाई और विद्यालय की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। डीईओ ने ग्रामीणों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से जांच होगी। आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए और विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है।
डीईओ के विद्यालय पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक जुट गए। लोगों ने अधिकारी के समक्ष विद्यालय से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
विधायक ने भी फोन पर निष्पक्ष जांच की बात कही
मामले की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी जिला शिक्षा पदाधिकारी से मोबाइल पर बात की। उन्होंने शिकायत की उचित जांच कर दोष पाए जाने पर शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही। विधायक ने जांच में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने की बात कही।
जांच में जमुआ बीपीओ अरविंद कुमार राय, डीईओ कार्यालय के प्रधान लिपिक सुबीर किसकोट, रघुनाथ प्रसाद वर्मा सहित तारा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मनोज पंडा,विद्यालय अध्यक्ष विवेक राज, ग्रामीण अजय राय, रिंकू साव, नीरज राय, अरुण साव, दिलीप साव, चंदन राय, जीवन साव, प्रदीप राय, गुड्डू राय, प्रवीण राय, मनोहर वर्मा, दिग्विजय सिंह, राहुल साव समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्टर : आशीष भदानी

No Previous Comments found.