त्रिवेणी घाट की गंदगी पर कांग्रेस महासचिव ने जताई चिंता, स्थायी घाट निर्माण की मांग

गिरीडीह - खरगडीहा एवं आसपास के क्षेत्र के लाखों लोगों की आस्था के केंद्र माने जाने वाले त्रिवेणी घाट की वर्तमान स्थिति को लेकर कांग्रेस जिला महासचिव अनिल चौधरी ने चिंता जताई है। घाट पर फैली गंदगी और पुराने व दान में मिले कपड़ों को नदी एवं घाट के आसपास फेंके जाने से इसकी सुंदरता प्रभावित हो रही है।

अनिल चौधरी ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्रिवेणी घाट केवल स्नान का स्थान नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां स्नान और धार्मिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में घाट को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सुझाव दिया कि पुराने एवं दान के कपड़ों के लिए घाट पर एक निश्चित स्थान या संग्रह केंद्र बनाया जाए, ताकि लोग कपड़े इधर-उधर फेंकने के बजाय वहीं जमा कर सकें।

उन्होंने स्थानीय विधायक एवं सांसद से भी त्रिवेणी घाट के स्थायी रूप से ईंट-कंक्रीट से निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पक्का एवं व्यवस्थित घाट बनने से श्रद्धालुओं को धार्मिक कार्यों में सुविधा मिलेगी और नदी में स्नान के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं के जोखिम को भी कम किया जा सकेगा। अनिल चौधरी ने कहा कि कुछ महीने पूर्व इसी नदी में चार बच्चों की डूबने से मौत की घटना बेहद दुखद थी। ऐसी घटनाओं को देखते हुए घाट पर सुरक्षा के साथ-साथ आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास भी जरूरी है।

उन्होंने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से त्रिवेणी घाट के विकास, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्थायी घाट निर्माण की दिशा में पहल करने की अपील की। साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से भी अपील की कि घाट को अपना धार्मिक और सार्वजनिक स्थल समझते हुए गंदगी न फैलाएं और इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।

रिपोर्टर - आशीष भदानी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.