गिरिडीह के आम बगान में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बना भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, महानवमी पर कन्या पूजन

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के आम बगान में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। अपनी आकर्षक बनावट और कारीगरों की शानदार कलाकारी के कारण यह पंडाल इन दिनों श्रद्धालुओं और आम लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल की भव्यता को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

वहीं, महानवमी के पावन अवसर पर मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। इस अवसर पर छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कन्या पूजन के माध्यम से मां दुर्गा के स्वरूप की आराधना की जाती है और उनसे सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की जाती है।

पूजा-पंडालों में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर परिवार तथा समाज की सुख-शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं। महानवमी के अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

संवाददाता : सुनील कुमार राय

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.