अज्ञात वाहन की टक्कर से उमेश साव की मौत, तीन बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया

जमुआ : गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत किसगो मोड़ के पास बुधवार, 21 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से खरगडीहा निवासी उमेश कुमार साव (45) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे खरगडीहा क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतक उमेश कुमार साव, स्वर्गीय बजरंगी साव के पुत्र थे। वह जमुआ थाना क्षेत्र के खरगडीहा के निवासी थे और मुंबई में ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उमेश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों के सामने भविष्य को लेकर भी चिंता खड़ी हो गई है।
बताया जाता है कि बुधवार की रात किसगो मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में हीरोडीह थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है। अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उमेश साव के निधन पर शोक
उमेश कुमार साव के असामयिक निधन पर जमुआ प्रखंड प्रतिनिधि संजीत यादव, खरगडीहा मुखिया सुनील कुमार साव, कांग्रेस नेता संतोष कुमार दास, विक्की साव और अनूप राम ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। साथ ही इस दुख की घड़ी में परिजनों को धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
रिपोर्टर : आशीष भदानी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.