देवरी में गाजे-बाजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन, नम आंखों से दी गई विदाई
गिरिडीह : सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, देवरी की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के साथ श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के माहौल में हुआ। गाजे-बाजे और जय माता दी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर माता रानी के दर्शन और विदाई में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।
इस पावन अवसर पर विधायक मंजू कुमारी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, देवरी के पूजा पंडाल पहुंचीं। उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
वहीं, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी की मौजूदगी में प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। इस दौरान भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ विसर्जन में भाग लिया।
मां दुर्गा की विदाई के समय श्रद्धालुओं के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। भक्तों ने जय माता दी के जयकारे लगाते हुए अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की कामना की। विदाई के इस क्षण में आस्था, भक्ति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, देवरी के इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मां दुर्गा की प्रतिमा के शांतिपूर्ण विसर्जन के साथ ही इस वर्ष के दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन हो गया।
रिपोर्ट: रंजीत कुमार

No Previous Comments found.