खरगडीहा में रसोईया-सह-सहायिकाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, स्वच्छता और पौष्टिक भोजन पर दिया गया जोर
गिरीडीह : जमुआ प्रखंड के संकुल संसाधन केंद्र, राजकीय बुनियादी विद्यालय खरगडीहा में रविवार को पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत एक दिवसीय गैर आवासीय रसोईया-सह-सहायिका प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में संकुल अंतर्गत विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कार्यरत रसोईया-सह-सहायिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं पोषणयुक्त मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराना तथा रसोईया-सह-सहायिकाओं को भोजन बनाने और परोसने के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित संकुल साधन सेवी रंजीत कुमार साहू ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। विद्यालयों में मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में पालक, टमाटर, बैंगन, मिर्च सहित विभिन्न प्रकार की हरी साग-सब्जियां उगाई जाएं, ताकि बच्चों को ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान रसोई घर की साफ-सफाई, बर्तनों की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, भोजन बनाने से पहले हाथ धोने तथा एप्रन एवं हेड कवर के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके अलावा सरकार द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मेनू के अनुसार दाल, चावल, सब्जी एवं अंडा सहित अन्य खाद्य पदार्थों का निर्धारित मात्रा में उपयोग करने तथा बच्चों को समय पर गर्म एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने का निर्देश दिया गया।
मौके पर विद्यालय के व्यवस्थापक अमित कुमार साव ने पोषण वाटिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालयों में जैविक खाद का उपयोग कर हरी सब्जियों का उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। इससे बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सखी देवी, संगीता देवी, जगनी देवी, चंद्रिका देवी, पिंकी देवी, अनवरी खातून, महापर खातून, रूबी देवी, चमेली देवी, बुधनी बीबी, पारो देवी सहित संकुल के विभिन्न विद्यालयों की रसोईया-सह-सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी रसोईया-सह-सहायिकाओं को विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
रिपोर्टर : आशीष

No Previous Comments found.