घोसी ग्राम में आरईओ रोड पर अतिक्रमण, ग्रामीणों ने सीओ को सौंपा ज्ञापन
गावां / गिरिडीह : गावां प्रखंड के अमतरो पंचायत अंतर्गत घोसी गांव में आरईओ सड़क पर हुए अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गावां अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि घोसी गांव में मुख्य आरईओ सड़क पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। किसी ने सड़क पर मिट्टी डालकर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया है, तो किसी ने सड़क किनारे सोख्ता गड्ढा बना दिया है। वहीं कुछ लोगों ने अपने घर का छज्जा सड़क तक निकाल दिया है।
अतिक्रमण के कारण सड़क संकीर्ण हो गई है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहनों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। आए दिन जाम और विवाद की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बैठक कर अंचलाधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थल निरीक्षण कर सड़क की मापी कराई जाए और अतिक्रमण को हटाकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए।
इस मौके पर पंचायत के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : सचिन सिंह

No Previous Comments found.