7 साल की उम्र से सोना जमा कर रही है 10 साल की लड़की
आमतौर पर बचपन खेल, मस्ती और पढ़ाई में बीतता है। पैसों की अहमियत और बचत का महत्व लोगों को अक्सर तब समझ आता है, जब वे बड़े होकर कमाने लगते हैं। लेकिन चीन की एक 10 साल की बच्ची ने इतनी छोटी उम्र में जो समझदारी दिखाई है, उसने सभी को हैरान कर दिया है।
उत्तरी चीन की यह बच्ची तब चर्चा में आई, जब पता चला कि उसने सिर्फ 7 साल की उम्र से ही सोना खरीदना शुरू कर दिया था। वजह भी दिलचस्प है उसे डर था कि कहीं उसके माता-पिता उसके पैसों को खर्च न कर दें। आज जब सोने की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, लोग उसकी दूरदर्शिता की खूब तारीफ कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, हेबेई प्रांत के लैंगफांग शहर की रहने वाली यह बच्ची चंद्र नव वर्ष के दौरान मिलने वाले लाल लिफाफों में मिले पैसों को बचाकर सोना खरीदती रही है। चीन में वसंत उत्सव पर बच्चों और अविवाहित लोगों को लाल लिफाफों में पैसे देना परंपरा है, जिसे कैंटोनीज में ‘लाई सी’ और मंदारिन में ‘होंग बाओ’ कहा जाता है। यह उपहार सौभाग्य और समृद्धि की कामना के साथ दिया जाता है।
बच्ची की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने साल 2023 से इन पैसों को सोने में बदलना शुरू किया। उसे लगता है कि नकदी की तुलना में सोना ज्यादा सुरक्षित रहता है। हर साल उसे लगभग 4,000 युआन (करीब 52 हजार रुपये) उपहार में मिलते हैं। जब उसने पहली बार सोना खरीदा था, तब इसकी कीमत करीब 460 युआन प्रति ग्राम थी, जो अब बढ़कर लगभग 1,100 युआन प्रति ग्राम हो चुकी है।
अब तक यह बच्ची करीब 30 ग्राम सोना खरीद चुकी है। खास बात यह है कि उसने अभी तक अपना कोई भी सोना बेचा नहीं है और आगे भी निवेश जारी रखने की योजना बना रही है।
जैसे ही यह कहानी सोशल मीडिया पर सामने आई, लोग उसकी समझदारी की सराहना करने लगे। किसी ने उसे ‘प्रतिभाशाली’ कहा तो किसी ने ‘छोटी उम्र की समझदार निवेशक’। वहीं, कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में उसकी मां से पूछा कि अगला निवेश किसमें होगा। इस पर मां ने हंसते हुए जवाब दिया कि वह अपनी बेटी से ही पूछेंगी कि अगली बार सोने की कीमतों का अंदाजा क्या है।

No Previous Comments found.