रैनबसेरा एवं अलाव का निरीक्षण कर जरूरत मंदों कम्बल का किया वितरण, अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश

गोंडा : शीतलहर से आमजन को राहत पहुँचाने हेतु जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन ने देर रात्रि शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। जिलाधिकारी ने बस स्टैंड, जिला अस्पताल, गुरु नानक चौराहा सहित कई प्रमुख स्थानों पर स्थित रैनबसेरों एवं अलाव स्थलों का निरीक्षण किया और ठंड से बचाव के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैनबसेरे में मौजूद असहाय एवं जरूरतमंद लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएँ जानीं तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीतलहर को देखते हुए अलाव की व्यवस्था हर महत्वपूर्ण स्थान पर सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो। इस अवसर पर उन्होंने जरूरतमंद लोगों को कम्बल वितरित कर राहत प्रदान की।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि भ्रमण अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन भ्रमण से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कहीं कोई व्यक्ति खुले में ठंड से पीड़ित न हो और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सभी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संचालित हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतलहर के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा राजस्व, स्वास्थ्य, नगर निकाय और आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।
सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में रैनबसेरों की नियमित मॉनिटरिंग करें, अलाव की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें तथा जरूरतमंदों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएँ।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शीतलहर के दौरान किसी भी नागरिक को कठिनाई न होने देना है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वह जरूरतमंद लोगों को रैनबसेरों तक पहुँचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोग राहत का लाभ उठा सकें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी /अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद गोण्डा विशाल कुमार, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव, स्वास्थ्य लिपिक नगरपालिका गोण्डा फराज अहमद, डीपीएम नीतेश राठौर सहित नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.