ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गोंडा - पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत प्रसिद्ध दुःखहरण नाथ मन्दिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की गई तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मंदिर में विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई। महोदय द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल की सतर्कता परखी गई तथा निर्देशित किया गया कि जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी/कर्मचारी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें,जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना की संभावना न रहे। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर को बैरिकेटिंग,रूट डायवर्जन/रूट चार्ट,पार्किंग व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए। पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है,ताकि महिलाओं के दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान आयोजित भंडारे में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा उनसे संवाद स्थापित कर पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा शहर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पैदल गश्त/भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं राहगीरों से संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। साथ ही आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने की अपील की गई। महोदय द्वारा अवगत कराया गया कि मंदिर परिसर एवं संवेदनशील क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी एवं वीडियोग्राफी की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यदि कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही की जाएगी। अभिसूचना इकाई एवं अन्य खुफिया तंत्रों को सक्रिय कर दिया गया है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक,इंस्टाग्राम, ट्विटर एवं व्हाट्सएप आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत,क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनंद कुमार राय,प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.