केंद्रों पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना-अपर जिलाधिकारी
गोंडा - जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बोर्ड परीक्षा-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान केंद्रों पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना, परीक्षार्थियों के लिए सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करना और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर प्रशिक्षण में शामिल किए गए अधिकारीगण में केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट शामिल थे। प्रशिक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय, उपजिलाधिकारी गोण्डा सदर,उपजिलाधिकारी मनकापुर,उपजिलाधिकारी तरबगंज,उपजिलाधिकारी करनैलगंज,जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर रामचन्द्र सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर कर्तव्यों का विस्तृत विवरण,सुरक्षा मानक,आपातकालीन स्थितियों से निपटने की रणनीतियाँ और परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखें,किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सतर्क रहें और परीक्षार्थियों की सुविधा तथा सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी के प्रति पूरी तरह सतर्क और सक्रिय होना आवश्यक है, ताकि बोर्ड परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में अपनी शंकाओं को स्पष्ट किया और वास्तविक परीक्षा संचालन में आने वाली परिस्थितियों का अभ्यास किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी उपस्थित अधिकारीगण ने इसे उपयोगी और समय पर निर्णय लेने में सहायक बताया।
रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल


No Previous Comments found.