जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सेवा योजना विभाग की जनपद स्तरीय टास्कफोर्स समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

गोंडा : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में सेवा योजना विभाग की जनपद स्तरीय टास्कफोर्स समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद के युवाओं को विभिन्न विभागों के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार अवसरों की समीक्षा करना तथा अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना रहा। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आईटीआई, उद्योग विभाग, पॉलिटेक्निक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), कौशल विकास मिशन सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों से जनपद के युवाओं को उपलब्ध कराए गए रोजगार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए यह जाना कि अब तक कितने युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार अथवा प्रशिक्षण के माध्यम से आजीविका से जोड़ा गया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए विभागों को रोजगारपरक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र युवाओं तक उनका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभागों द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगार से सीधे जोड़ने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को शीघ्र रोजगार प्राप्त हो सके। साथ ही जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागवार रोजगार से संबंधित अद्यतन एवं विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिससे जनपद स्तर पर रोजगार की स्थिति का समुचित आकलन किया जा सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही रोजगार मेलों एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का नियमित आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा जनपद में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जिला सेवा योजना अधिकारी गुलाब राज, डीसी एनआरएलएम, डीसी मनरेगा, डीसी उद्योग, सेवायोजन विभाग वीरेंद्र कुमार कौशल विकास मिशन, आईटीआई सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.