तिवारी बाजार में श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन, श्रद्धालु हो रहे भाव-विभोर

गोंडा - जनपद की तहसील तरबगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिवारी बाजार में इन दिनों श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम के मुख्य जजमान श्री विजय तिवारी एवं श्रीमती मीरा तिवारी हैं, जिनके द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। कथा आयोजन की व्यवस्था का दायित्व राजन तिवारी, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा संघ तरबगंज एवं अध्यापक, द्वारा संभाला जा रहा है। उनके नेतृत्व में कथा पंडाल में आने वाले श्रद्धालुओं और श्रोताओं के लिए बैठने, प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाओं का बेहतर प्रबंधन किया गया है। कथा व्यास पंडित बालमुकुंद शास्त्री जी महाराज द्वारा भक्तों को शक्ति स्वरूपा जगत जननी मां जगदंबा महामाया की महिमा का विस्तृत वर्णन सुनाया जा रहा है। कथा के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की महिमा का भी सुंदर और प्रेरणादायक वर्णन किया गया,जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्ति में लीन हो उठे। इसी क्रम में कथा के प्रसंग में महाराज चक्रवर्ती सम्राट राजा दशरथ के चारों पुत्रों के विवाह का मार्मिक प्रसंग भी सुनाया गया। इस भावपूर्ण प्रसंग को सुनकर कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरे वातावरण में भक्तिरस की अनुभूति होने लगी। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।

रिपोर्टर – शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.