छापेमारी में पकड़ी गई बिजली चोरी, 45 लोगों पर मुकदमा

गोंडा : देवीपाटन मंडल में स्मार्ट मीटर के माइनस बैलेंस वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली विभाग और पुलिस विजिलेंस की संयुक्त कार्रवाई हुई। भोर में शुरू हुई मॉर्निंग रेड में मंडल के चारों जिलों में कुल 445 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। इसमें 45 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी पर निरोधक थानों में एफआइआर दर्ज कराई गई है।

        मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ के निर्देश पर शुरू की गई इस कार्रवाई में उन उपभोक्ताओं को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया, जिनके कनेक्शन गत 13 मार्च को माइनस बैलेंस के कारण काट दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने अब तक रिचार्ज नहीं कराया था और अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। जिले के आवास विकास कॉलोनी से शुरू हुई कार्रवाई कर्नलगंज, कटरा, नवाबगंज, मनकापुर और धानेपुर तक चली। यहां 128 कनेक्शनों की जांच में 33 बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। मनकापुर में दो उपभोक्ताओं पर पूर्व में कटे कनेक्शन को अवैध रूप से जोड़कर उपयोग करने पर धारा 138 बी में मुकदमा दर्ज किया गया। बहराइच में 225 कनेक्शनों की जांच में एक मामला सामने आया, जबकि बलरामपुर और श्रावस्ती में 92 कनेक्शनों की जांच कर 11 बिजली चोरी की एफआइआर दर्ज की गई। माइनस बैलेंस वाले उपभोक्ता तत्काल रिचार्ज कराएं।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.