जिलाधिकारी ने की कर-करेत्तर राजस्व वसूली एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक
गोंडा : जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर राजस्व वसूली एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व वसूली से संबंधित विभाग अपने लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें। उन्होंने तहसीलवार बकाया वसूली की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि लंबित वसूली को प्राथमिकता पर लिया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को निर्देशित किया कि वे पोर्टल पर अद्यतन डेटा अपलोड करें और योजनाओं के भौतिक व वित्तीय लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, आबकारी, खनन, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, आयकर विभाग, पशुपालन विभाग, बांटमाप, वन विभाग, नगरपालिका, नगर पंचायत, औषधि विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, मण्डी, बैंक सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान कर एवं निबंधन विभाग, आबकारी, नगर निकायों, जल निगम तथा अन्य राजस्व से संबंधित विभागों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें और उच्चाधिकारियों को नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में गति लाना और जनता को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे समर्पण और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि जनहितकारी योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो सकें।
कर करेत्तर राजस्व वसूली एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग खण्ड प्रथम तथा लोक निर्माण विभाग खण्ड द्वितीय एवं प्रान्तीय खण्ड के एक्सईएएन को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि जिन कार्यदायी संस्थाओं के द्वारा रॉयल्टी का भुगतान नहीं किया गया है वे तत्काल रायल्टी का भुगतान करना सुनिश्चित करें। अन्यथा संबंधित कार्य संस्था को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान खनन विभाग की रैंकिंग खराब होने के कारण कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं, वहीं कृषक दुर्घटना बीमा की पत्रावली लंबित होने के कारण सभी उप जिलाधिकारियों को कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि यदि कृषक दुर्घटना बीमा की पत्रावली लंबित की गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान रैंकिंग खराब होने के कारण वाणिज्य कर विभाग का वेतन रोकने तथा खनन विभाग के अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान जनगणना कार्यों के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जनगणना अधिकारी के द्वारा वहां पर उपस्थित सभी अधिकारियों को डिजिटल जनगणना कार्य प्रारंभ किए जाने के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। बैठक में राजस्व की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के नायब तहसीलदारों के न्यायालय पर वादों के निस्तारण की जांच करने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि इनके द्वारा किए गए वादों का निस्तारण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें साथ ही संबंधित नायब तहसीलदार को गुणवत्तापूर्ण एवं समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए जाएं। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, उपजिलाधिकारी कर्नलगंज, तरबगंज तथा मनकापुर, अपर उपजिलाधिकारी विशाल कुमार, अपर उपजिलाधिकारी जितेंद्र गौतम, अपर उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.