जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
तरबगंज (गोंडा) : थाना तरबगंज पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
क्या है पूरा मामला
थाना तरबगंज क्षेत्र के ग्राम बनियनपुरवा विशुनपुर निवासी रोज अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 18 वर्षीय पुत्र साहिल 24 मार्च को घर से यह कहकर निकला था कि उसके दोस्त उसे जन्मदिन पार्टी के लिए बुला रहे हैं।
अगले दिन 25 मार्च को ग्रामीणों ने सूचना दी कि साहिल का शव पिपरी रोहुआ तालाब में पड़ा है, जबकि उसकी मोटरसाइकिल थोड़ी दूरी पर खड़ी मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
ऐसे रची गई थी साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी रामशंकर चौहान ने बताया कि उसकी शादी 13 मार्च को हुई थी। शादी के बाद उसे पता चला कि उसकी पत्नी की बातचीत साहिल से होती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत 24 मार्च को आरोपी ने अपनी पत्नी के मोबाइल से साहिल को कॉल कर जन्मदिन पार्टी के बहाने पिपरी रोहुआ बुलाया। वहां ले जाकर पहले उसे शराब पिलाने की कोशिश की गई, फिर डंडे से पीटकर बेहोश कर दिया गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए डंडा और मोबाइल झाड़ियों में फेंक दिया तथा शक से बचने के लिए मृतक की बाइक अलग खड़ी कर मौके से फरार हो गए।
कहां से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने चारों आरोपियों को जगदम्बा डिग्री कॉलेज, लोनियन पुरवा सिंहपुर के पास बेलसर-गोंडा रोड से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
रामशंकर चौहान (26 वर्ष)
नानबाबू चौहान (लगभग 18 वर्ष)
दिनेश चौहान (लगभग 18 वर्ष)
रमन उर्फ अंगद चौहान (लगभग 18 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम गजाधर पुरवा, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा के निवासी हैं।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे

No Previous Comments found.