देवीपाटन मंडल में महिला जनसुनवाई: लंबित मामलों पर सख्ती, जांच के निर्देश जारी

गोंडा : गोंडा में सोमवार को मंडल मुख्यालय स्थित आयुक्त कार्यालय में आयुक्त देवीपाटन मण्डल की अध्यक्षता में मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष जनसुनवाई में कुल 14 महिलाओं ने भाग लेकर अपनी-अपनी समस्याएं आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील के समक्ष रखीं। आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता कर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान अपर आयुक्त मीनू राणा भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में ग्राम फरेन्दा निवासी कुसुमा पत्नी पहलवान ने अपने पुत्र अर्जुन के नाम आवंटित कृषि योग्य पट्टा भूमि को संक्रमणीय कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व मिली भूमि अभी भी असंक्रमणीय श्रेणी में दर्ज है, जिससे उसे उपयोग में कठिनाई हो रही है। इस संबंध में पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही लंबित है।

इसी क्रम में तरबगंज तहसील के ग्राम बरौली निवासी चन्द्रावती देवी ने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित अतिरिक्त भूमि के भुगतान एवं स्थलीय निरीक्षण की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित सीमा से अधिक भूमि अधिग्रहित किए जाने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया है और बिना बैनामा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

करनैलगंज क्षेत्र की वंदना शर्मा ने अपने निर्माणाधीन मकान पर छत डालने से रोकने एवं धमकी दिए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि विपक्षियों द्वारा दबाव बनाकर निर्माण कार्य बाधित किया जा रहा है, जिससे वह अपने छोटे बच्चों के साथ असुरक्षित स्थिति में रहने को विवश हैं।

वहीं, बहराइच जनपद के कैसरगंज क्षेत्र की निवासी शोभावती ने लेखपाल पर आय प्रमाण पत्र जारी करने में भ्रष्टाचार और अनियमितता के साथ-साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने स्वतंत्र जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की।

आयुक्त ने सभी मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता  के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए, जिससे उन्हें त्वरित राहत मिल सके।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.