मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन व नियुक्ति पत्र किए वितरित
गोंडा : राजधानी में सोमवार को लोकभवन सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन, नियुक्ति पत्र तथा ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सेवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना है। वितरित किए गए उपकरणों में बच्चों की लंबाई और वजन मापने वाले आधुनिक यंत्र शामिल हैं, जिससे कुपोषण की पहचान और निगरानी अधिक सटीक तरीके से की जा सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्टफोन के माध्यम से अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रियल टाइम डाटा अपलोड कर सकेंगी, जिससे पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी पारदर्शी और प्रभावी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तकनीकी सुधार से उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 46 जिलों में 754 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं, जबकि अन्य चयन प्रक्रियाएं भी तेजी से चल रही हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि चालू वर्ष में 5000 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 60,000 से अधिक सहायिकाओं की नियुक्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवन डिजाइन का विमोचन भी किया, जिससे केंद्रों की आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर भवन और संसाधन उपलब्ध होने से सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और लाभार्थियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
इसी क्रम में जनपद गोण्डा में भी जिला पंचायत सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय के लोकार्पण तथा नव चयनित कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह उपस्थित रहे।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि आंगनबाड़ी सेवाएं समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग—बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं—के स्वास्थ्य एवं पोषण की आधारशिला हैं। उन्होंने नवचयनित कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, टीकाकरण, प्री-स्कूल शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम में जिला भूमि संरक्षण अधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल
No Previous Comments found.