अपर आयुक्त ने 11 महिलाओं की सुनी समस्याएं, समाधान के निर्देश

गोंडा : गोंडा में देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर आयोजित ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ महिला जनसुनवाई में अपर आयुक्त मीनू राणा ने 11 महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने भूमि विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न, वरासत, पुलिस कार्रवाई में लापरवाही समेत विभिन्न समस्याएं रखीं। अपर आयुक्त ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कुछ मामलों में तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वरासत दर्ज न होने पर महिला ने लगाई गुहार

 तहसील क्षेत्र के ग्राम परेड सरकार की एक महिला ने अपने पति की मृत्यु के बाद भी भूमि की वरासत दर्ज न होने पर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। वन्दना देवी ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति की मृत्यु 17 अप्रैल 2025 को हो चुकी है, जिसके बाद उनके पुत्र द्वारा ऑनलाइन वरासत के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन हल्का लेखपाल ने उसे त्रुटिपूर्ण बताते हुए निरस्त कर दिया। पीड़िता का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में नाम ‘श्रीचन्द्र पाठक’ जबकि अन्य दस्तावेजों में ‘श्रीकान्त पाठक’ दर्ज है, जो एक ही व्यक्ति हैं। ग्राम प्रधान द्वारा भी इसकी पुष्टि की गई है, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर महिला ने बताया कि उक्त भूमि ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। उन्होंने प्रशासन से वरासत दर्ज कराने की मांग की है। 

महिला ने लगाया जमीन पर अवैध कब्जा व मारपीट का आरोप

  देवीपाटन मंडल मुख्यालय में आयोजित ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ महिला जनसुनवाई में कटरा बाजार निवासिनी नेहा तिवारी ने अपनी खरीदी गई जमीन पर अवैध कब्जा और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में भूमि क्रय की थी, जिस पर वह कब्जे में है और उसका नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि 27 नवंबर 2025 को गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसकर उसे जमीन पर पटक दिया और अश्लील हरकत की। महिला का कहना है कि पुलिस को सूचना देने और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने मंडलायुक्त से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.