शिव मंदिर में तोड़फोड़ से तनाव, शिवलिंग व नंदी की मूर्ति खंडित; पुलिस जांच में जुटी

गोंडा, तरबगंज:- उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां भानपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत धनौली में स्थित लगभग 40 वर्ष पुराने शिव मंदिर में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर में स्थापित शिवलिंग और नंदी की मूर्ति को खंडित कर दिया गया। घटना की जानकारी सबसे पहले स्थानीय निवासी सिद्धमान और शिवमंगल सिंह को उस समय हुई जब वे सुबह मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने तुरंत इस घटना की सूचना मंदिर के पुजारी बजरंगी मिश्रा और अन्य ग्रामीणों को दी।
खबर फैलते ही गांव में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालते हुए मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में नई मूर्ति स्थापित करने पर सहमति बनी, जिसके बाद कुछ श्रद्धालु नई मूर्ति लाने के लिए रात में ही अयोध्या के लिए रवाना हो गए।
मंदिर के पुजारी बजरंगी मिश्रा ने बताया कि घटना उस समय हुई जब बिजली नहीं थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने इस कृत्य को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी बताया कि यह मंदिर पिछले चार दशकों से गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां समय-समय पर धार्मिक आयोजन और मेले भी लगते रहे हैं।
वहीं थाना प्रभारी श्रीधर पाठक ने जानकारी दी कि शिवलिंग की पुनः स्थापना कर दी गई है और मंदिर में पूजा-पाठ शुरू हो चुका है। साथ ही दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में नाराजगी और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


रिपोर्टर: शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.