पुरानी हनुमानगढ़ी मंदिर से दुःखहरण नाथ मंदिर तक निकाली जायेगी कलश यात्रा- मुख्य विकास अधिकारी

गोंडा : कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद की अध्यक्षता में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय/ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

जनपद के विभिन्न शिव मंदिरों बाबा दुःखहरण नाथ महादेव मंदिर गोंडा शहर, बाबा बरखण्डी नाथ महादेव मंदिर करनैलगंज, बाबा बालेश्वर नाथ महादेव मंदिर वजीरगंज, महादेव शिव मंदिर मनकापुर सहित अन्य महादेव शिव मंदिरों पर भजन कीर्तन व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।

इस कार्यक्रम के अवसर पर 11 मई, 2026 दिन सोमवार को सुबह 09:00 बजे पुरानी हनुमानगढ़ी मंदिर मालवीय नगर गोण्डा से बाबा दुःखहरण मंदिर तक कलश यात्रा निकाली जाएगी।

बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारतीय संस्कृति, आस्था एवं आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं तथा पार्किंग आदि व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानंद प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने नगर पालिका परिषद गोण्डा को साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पर्यटन विभाग को कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के समुचित संचालन के निर्देश दिए।

बैठक में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी को स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्प के प्रदर्शन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनपद की पारंपरिक कला एवं उत्पादों को भी मंच प्राप्त हो सके। साथ ही सभी खण्ड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी महेन्द्र कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वन्दना पाण्डेय, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, नगरपालिका गोण्डा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.