मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

गोंडा : उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद गोण्डा में महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में एण्टी रोमियो स्क्वायड एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मंदिरों, बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों तथा पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही श्रद्धालुओं और आमजन को भी जागरूक करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के तरीके, कानून द्वारा प्रदत्त अधिकार तथा भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सतर्क रहने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षित आवागमन के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई की हिदायत भी दी गई, ताकि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पुलिस टीमों ने भरोसा दिलाया कि गोण्डा पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए हर समय तत्पर है।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1090 – वूमेन पावर हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
108 – एम्बुलेंस सेवा
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
102 – स्वास्थ्य सेवा
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “मिशन शक्ति” अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम हो सकें।

रिपोर्टर : शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.