"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" के अवसर पर दुःखहरण नाथ मंदिर पर डीएम व सीडीओ ने की जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना
गोंडा : "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" के अंतर्गत जनपद में सोमवार को सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भगवान शिव का पूजन कर जनकल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के क्रम में हनुमानगढ़ी मंदिर मालवीय नगर से बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं ने सहभागिता की। यात्रा के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा शिव भजनों एवं जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर, गोण्डा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री दयानन्द प्रसाद ने पहुंचकर कलश यात्रा में सहभागिता की तथा भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सोमनाथ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। उपस्थित अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने माननीय प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन को सुना एवं कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों, जिनमें बाबा दुःखहरण नाथ महादेव मंदिर गोण्डा, बाबा पृथ्वी नाथ महादेव मंदिर खरगूपुर, बाबा बरखण्डी नाथ महादेव मंदिर करनैलगंज, बाबा बालेश्वर नाथ महादेव मंदिर वजीरगंज तथा महादेव शिव मंदिर मनकापुर सहित अन्य शिवालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, महाआरती, जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी तथा पूरे जनपद में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा श्री जितेंद्र गौतम, नायब तहसीलदार सदर श्री चन्दन जायसवाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री महेंद्र मिश्र, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी श्रीमती वन्दना पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.