बॉर्डर पर सुरक्षा और जिलों में अपराध नियंत्रण पर जोर: एडीजी मुथा अशोक जैन ने गोंडा में परखी पुलिसिंग की धार।
गोंडा : अपर पुलिस महानिदेशक जोन गोरखपुर श्री मुथा अशोक जैन द्वारा जनपद बहराइच के थाना रूपईडीहा अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं सीमा निगरानी का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके उपरांत एडीजी महोदय रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा पहुंचे, जहां पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा श्री अमित पाठक एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल की उपस्थिति में जनपद के समस्त अपर पुलिस अधीक्षकगण, क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर/गुंडा एक्ट की कार्यवाही, बीट पुलिसिंग, रात्रि गश्त एवं आगामी पर्वों को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के संबंध में समीक्षा की गई। साथ ही यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य एवं अन्य तकनीकी माध्यमों के प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीजी महोदय द्वारा जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी निगरानी एवं जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा (पूर्वी/पश्चिमी), समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.