सौर ऊर्जा संयंत्र और “कर्तव्य वाटिका” का उद्घाटन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गोण्डा : जनपद के तरबगंज क्षेत्राधिकारी कार्यालय परिसर में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने क्षेत्राधिकारी कार्यालय तरबगंज में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय गोण्डा के सौजन्य से स्थापित 05 किलोवॉट क्षमता के “सौर ऊर्जा संयंत्र” एवं “कर्तव्य वाटिका” का उद्घाटन किया।
“कर्तव्य वाटिका” के अंतर्गत कार्यालय परिसर में 101 औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए गए हैं, जिनका अवलोकन पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा और वृक्षारोपण जैसी पहलें वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जो न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को सौर ऊर्जा संयंत्र की कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय, क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश प्रभात सिंह, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख राजकुमार द्विवेदी, मुख्य प्रबंधक देवव्रत गुप्ता सहित पुलिस विभाग एवं बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे


No Previous Comments found.