भीषण गर्मी एवं लू से बचाव हेतु मण्डलायुक्त ने जारी किए निर्देश
गोंडा : देवीपाटन मण्डल में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी एवं लू (हीटवेव) के प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को तत्काल जिला स्तरीय हीट एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि हीटवेव राज्य सरकार द्वारा घोषित आपदा है, इसलिए इससे बचाव हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि जनपदों में सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, विद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकतानुसार प्याऊ स्थापित कराए जाएं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों के संचालन समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जाए, जिससे बच्चों को लू एवं अत्यधिक तापमान से सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हीटवेव से बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाए कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें तथा गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।
मण्डलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को पशुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं एवं अन्य स्थानों पर पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल एवं छांव की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि भीषण गर्मी के दौरान पशुधन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि “संपूर्ण समाधान दिवस” के अवसर पर प्रत्येक जनपद में कम से कम दो जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किया जाए। इसके लिए रोस्टर तैयार कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति पंजीकरण कराकर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हीटवेव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.