84 कोस परिक्रमा मार्ग के अंडरपास को लेकर किसानों में नाराजगी, SDM को सौंपा ज्ञापन
गोंडा - तरबगंज जनपद की तहसील तरबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जमथा में बन रहे 84 कोस परिक्रमा मार्ग के अंडरपास निर्माण को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का आरोप है कि यदि अंडरपास और रास्ते की व्यवस्था सही तरीके से नहीं की गई तो खेतों तक ट्रैक्टर-ट्राली और कृषि उपकरणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा,जिससे खेती-किसानी पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। इसी मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में किसान उपजिलाधिकारी तरबगंज कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने कहा कि वह किसी भी प्रकार से विकास कार्य का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन किसानों और ग्रामीणों के आवागमन के रास्ते सुरक्षित एवं सुगम बनाए जाने चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि अंडरपास का निर्माण इस प्रकार कराया जाए जिससे किसानों की फसल, जुताई-बुवाई और खेतों तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। किसानों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में कृषि वाहन ट्रैक्टर ट्राली निकलने में परेशानी होगी, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो सकता है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले समय में बड़ी संख्या में किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और निर्माण कंपनी से मांग की है कि 84 कोस परिक्रमा मार्ग के निर्माण के साथ-साथ किसानों और ग्रामीणों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विकास कार्य और किसानों के हित दोनों सुरक्षित रह सकें।
रिपोर्टर — शिवराम पांडे


No Previous Comments found.