"तरबगंज में अवैध आरा मशीन पर वन विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में, कार्रवाई के दावों पर उठे सवाल"

गोंडा - उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद के तरबगंज क्षेत्र में वन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में दिखाई दे रही है। तरबगंज वन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खोजपुर में कथित तौर पर बड़े स्तर पर अवैध आरा मशीन संचालन का मामला सामने आया है, जहां वन विभाग और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मीडिया कर्मियों को क्षेत्र में चल रही अवैध आरा मशीन का वीडियो फुटेज प्राप्त हुआ, जिसके बाद वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से इस संबंध में कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे गए। इस पर वन क्षेत्राधिकारी एवं वन दरोगा द्वारा बताया गया कि विभाग ने आरा मशीन की चक्का-चुटकी खुलवा दी है और कार्रवाई की जा चुकी है। हालांकि,जब मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच की गई तो तस्वीर कुछ और ही दिखाई दी। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग द्वारा अवैध आरा मशीन संचालक से मशीन खुलवाकर उसी के घर पर रखवा दिया गया, जबकि अवैध संचालन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

इस पूरे मामले में क्षेत्रीय वनरक्षक, वन दरोगा तथा वन क्षेत्राधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलता रहेगा। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या वन विभाग केवल कागजी कार्रवाई और दिखावटी कार्यवाही तक ही सीमित रहेगा या फिर अवैध कारोबार पर वास्तविक कार्रवाई भी होगी। फिलहाल यह मामला उच्च अधिकारियों की जांच और हस्तक्षेप का विषय बना हुआ है।

रिपोर्टर - शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.