तरबगंज पुलिस की तत्परता से साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, खाते में वापस आए 2900 रुपये

गोण्डा - तरबगंज साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरबगंज पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते से कटी धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर स्थापित साइबर हेल्प डेस्क लगातार “ऑपरेशन कवच” अभियान के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही है। इसी क्रम में थाना तरबगंज साइबर हेल्प डेस्क टीम ने एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को राहत दिलाई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पंडित पुरवा मजरा ढोढेपुर निवासी देवभाष्कर मिश्रा ने दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उनके खाते से 2900 रुपये की धनराशि कट गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही थाना तरबगंज साइबर हेल्प डेस्क टीम सक्रिय हुई और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित करते हुए फ्रॉड की गई रकम को तत्काल होल्ड कराया गया। लगातार पत्राचार और साइबर सेल की मदद से आखिरकार दिनांक 03 जून 2026 को पीड़ित के खाते में पूरी 2900 रुपये की धनराशि वापस करा दी गई। खाते में रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने गोण्डा पुलिस और थाना तरबगंज साइबर हेल्प डेस्क टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफल कार्रवाई में साइबर हेल्प डेस्क टीम के नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक अजय यादव, कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-‘ए’ बबलू तथा आरक्षी दिवाकर मिश्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

रिपोर्टर - शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.