समाधान दिवस में पहुंचे 19 मामले, एसडीएम ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
तरबगंज : तहसील तरबगंज में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रदीप सिंह ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी उमेश्वर प्रताप सिंह की मौजूदगी में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
समाधान दिवस में राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित कुल 19 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें चक रोड, जमीन विवाद एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों की शिकायतें प्रमुख रहीं। एसडीएम प्रदीप सिंह ने प्राप्त शिकायतों का परीक्षण कर उन्हें निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंप दिया तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मौके पर नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह पुलिस बल एवं राजस्व टीम के साथ शिकायतों के स्थलीय निस्तारण के लिए रवाना हुए। वहीं थाना प्रभारी श्रीधर पाठक, नायब तहसीलदार अक्षय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अवधेश कुमार दुबे, राजस्व निरीक्षक सुशील कुमार पांडे सहित क्षेत्रीय लेखपाल उपस्थित रहे।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे
No Previous Comments found.