पत्रकार समाज कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक संपन्न
गोंडा : गोण्डा में पत्रकार समाज कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक रविवार को चौधरी चरण सिंह सिंचाई डाक बंगले के सभागार में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुई। बैठक में जनपद के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से आए पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने अपने-अपने विचार रखते हुए पत्रकारिता के वर्तमान हालात और संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की शुरुआत में अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार डी एन शुक्ला ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारों के सामने चुनौतियाँ बहुत बढ़ गई हैं। डिजिटल युग में फेक न्यूज और सोशल मीडिया का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में एक मजबूत और संगठित मंच की जरूरत है जो पत्रकारों के हितों की रक्षा कर सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि समिति का विस्तार करके ब्लॉक और तहसील स्तर तक इकाइयों का गठन किया जाए, ताकि हर पत्रकार की आवाज ऊपर तक पहुंच सके।
बैठक में संगठन की मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों पर भी गहन मंथन हुआ। वक्ताओं ने सर्वसम्मति से यह तय किया कि पत्रकार समाज कल्याण समिति केवल पत्रकारों की समस्याओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज सेवा के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएगी। डॉक्टर जयप्रकाश ओझा ने कहा कि जब पत्रकार समाज के साथ खड़ा होगा, तभी समाज भी पत्रकारों के मान-सम्मान को बढ़ाएगा।
पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कई सदस्यों ने प्रेस कार्ड, दुर्घटना बीमा और आर्थिक तंगी का मुद्दा उठाया। जिलाध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र लाल गुप्ता ने सुझाव दिया कि समिति के बैनर तले एक "पत्रकार सहायता कोष" बनाया जाए, जिससे जरूरतमंद साथियों की आर्थिक मदद की जा सके। वहीं महिला पत्रकार भारती पांडे और लक्ष्मी पांडे ने महिला पत्रकारों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समिति को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
संगठन विस्तार को लेकर अमित गर्ग ने प्रस्ताव रखा कि हर महीने कम से कम एक नए क्षेत्र में सदस्यता अभियान चलाया जाए और नए पत्रकारों को समिति से जोड़ा जाए। इस प्रस्ताव को सभी ने हाथ उठाकर समर्थन दिया। बैठक में यह भी तय हुआ कि समिति की ओर से हर तिमाही एक बैठक का आयोजन हो
बैठक के अंत में महामंत्री विजय कुमार सोनी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पत्रकार समाज कल्याण समिति अब केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार बन चुकी है। हमारा लक्ष्य है कि जनपद का हर पत्रकार इस परिवार का हिस्सा बने और मिलकर पत्रकारिता के गौरव को बढ़ाएं। बैठक का संचालन अतुल कुमार श्रीवास्तव ने किया।
उपस्थित रहे: अमित गर्ग, डी एन शुक्ला, नरेंद्र लाल गुप्ता, भारती पांडे, लक्ष्मी पांडे, गीता जायसवाल, प्रिया, डॉक्टर जयप्रकाश ओझा, राजेश कुमार जायसवाल,सुधीर कुमार सोनी, राम नरेश गुप्ता, अमित कुमार, अतुल कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार सोनी, इकबाल शाह, राकेश कुमार गुप्ता, अनिल यादव, बिंद्रा प्रसाद तिवारी, दीपक श्रीवास्तव आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल
No Previous Comments found.