जनपद में जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किया जायेगा भव्यता के साथ योग दिवस कार्यक्रम

गोंडा : जनपद गोंडा में आगामी 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनपद में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस के सफल आयोजन हेतु व्यापक तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली एवं भारतीय संस्कृति के वैश्विक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद मुख्यालय पुलिस लाइन गोण्डा सहित सभी तहसील मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम पूरी गरिमा एवं भव्यता के साथ आयोजित किए जाएं। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के दौरान आयोजन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था तथा योगाभ्यास के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग दिवस के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाएगी। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से भी इस महत्वपूर्ण आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।

बैठक में माननीय विधायक गोण्डा सदर श्री प्रतीक भूषण सिंह, माननीय विधायक गौरा श्री प्रभात वर्मा, माननीय सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि श्री रमाशंकर मिश्र, माननीय सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि श्री संजीव सिंह, अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इंद्रजीत, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रतिनिधि श्री मनीष द्विवेदी, रेड क्रॉस सोसाइटी एवं सिविल डिफेंस के पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि करनैलगंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.