देवीपाटन धाम तीर्थ विकास परिषद की बैठक में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश

गोंडा - आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में महाराजा सुहेलदेव सभागार,आयुक्त कार्यालय,गोण्डा में श्री देवीपाटन धाम तीर्थ विकास परिषद,बलरामपुर के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत एवं संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डल के विभिन्न जनपदों में संचालित पर्यटन विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने निर्देशित किया कि स्वामी नारायण मंदिर, छपिया में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आकर्षण को बढ़ाने के उद्देश्य से लेजर लाइट एंड साउंड शो स्थापित किए जाने हेतु शासन को प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देंगी तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाएंगी। आयुक्त ने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है। इसलिए सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता,पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति,भूमि संबंधी प्रकरणों तथा अन्य लंबित बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा है,उन्हें संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र दूर कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी बलरामपुर ने एवं अन्य अधिकारियों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया, बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डे,पर्यटन विभागअधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.