पत्रकारों के हित में सूचना निदेशक की बड़ी पहल,आयुष्मान कार्ड बनवाना हुआ आसान
गोंडा - जनपद के पत्रकार बंधुओं की सुविधा एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। अपर जिला सूचना अधिकारी, गोण्डा ने बताया कि सूचना निदेशक विशाल सिंह के निर्देशानुसार अब पत्रकार बंधुओं के लिए आयुष्मान भारत कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया और अधिक सरल बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन पत्रकार बंधुओं ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति (स्टेटस) देख सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो वे मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, गोण्डा से संपर्क कर आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
अपर जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि जिन पत्रकार बंधुओं ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन करने के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन पाया है,उनकी सुविधा के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा। पोर्टल प्रारंभ होने के बाद पत्रकार बंधु अपना आवेदन जिला सूचना कार्यालय,गोण्डा के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पोर्टल के संचालन की तिथि एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त होते ही सभी पत्रकार बंधुओं को तत्काल अवगत कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र पत्रकार इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें।
रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल
No Previous Comments found.