सीडीओ ने तहसील गोण्डा सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए
जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा सी
गोंडा से रिपोर्टर राजेश कुमार जायसवाल
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील गोण्डा सदर में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान तहसील गोण्डा सदर में कुल 170 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 07 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 163 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिकायतकर्ता राघव पुत्र मगरे निवासी ग्राम पूरे सिधारी मुजेहना ने अवगत कराया कि गाटा संख्या-450 जो पूर्व में कृषि पट्टा मिला था परन्तु शिकायतकर्ता को आज तक उपरोक्त भूमि का कब्जा नहीं मिल पाया है। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी, थानाध्यक्ष इटियाथोक तथा संबंधित राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिये हैं कि संयुक्त रूप से मौके पर जाकर शिकायत का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिकायतकर्ता अमर नाथ निवासी ग्राम कुर्मिन पुरवा पारासराय इटियाथोक ने अवगत कराया कि मेरे चक गाटा संख्या- 2699 है जिसके बगल दक्षिण तरफ गाटा संख्या-2703 है। जिसमें गांव के ही साहेब सरन आदि के द्वारा कब्जा करके शौचालय बनवा लिया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार कीर्तिमान, संबंधित राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिये हैं कि संयुक्त टीम के मौके पर जाकर शिकायत का नियमानुसार निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस सदर गोंडा के उपरांत तहसील सभागार गोण्डा में विभिन्न विभागों के योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, आवास चाबी, पारिवारिक लाभ योजना, आयुष्मान कार्ड वितरण, कृषि बीज वितरण तथा क्षय रोग मरीजों को स्वास्थ्य कीट आदि का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा जीतेंद्र गौतम, तहसीलदार सदर गोण्डा मनीष कुमार, नायब तहसीलदार अनुराग पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No Previous Comments found.