राशन कार्ड से लेकर आय प्रमाण पत्र,वरासत और स्थानीय विवादों तक शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण

गोंडा - देवीपाटन मंडल की आयुक्त के निर्देशन में संचालित "माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद" महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई की जा रही है, जिससे महिलाओं का प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।जनसुनवाई के दौरान बहराइच जनपद से संबंधित प्राप्त शिकायत पर बहराइच प्रशासन ने जांच कर वर्ष 2025-26 में जारी एक आय प्रमाण पत्र को नियमों के विपरीत पाए जाने पर उसके निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। साथ ही संबंधित लेखपाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अन्य आरोप जांच में निराधार पाए गए और विस्तृत आख्या आयुक्त कार्यालय को भेज दी गई।

इसी प्रकार गोण्डा जनपद में ग्राम पंचायत मेईपाठक की ननका देवी की शिकायत पर जिला पूर्ति विभाग ने जांच कर उन्हें पात्र पाते हुए छह यूनिट का पात्र गृहस्थी राशन कार्ड जारी कर दिया,जिससे उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान हो गया। करनैलगंज तहसील के ग्राम शाहजोत निवासी  रामलली की वरासत संबंधी शिकायत की जांच में पाया गया कि उनके पति की मृत्यु के बाद तत्कालीन नियमों के अनुसार वरासत की कार्रवाई पहले ही पूरी हो चुकी थी। जांच के दौरान आवेदिका ने स्वयं संतुष्टि व्यक्त करते हुए किसी प्रकार की शिकायत न होने की बात कही, जिसके बाद प्रकरण के निस्तारण की संस्तुति की गई।

वहीं नगर क्षेत्र की शिकायतकर्ता मनूप्रिया द्वारा सड़क पर बने नाली चैम्बर को लेकर की गई शिकायत का भी पुलिस एवं प्रशासन की पहल पर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से समाधान करा दिया गया। शिकायतकर्ता ने दूरभाष पर नगर मजिस्ट्रेट को अवगत कराया कि उनकी समस्या का समाधान हो चुका है और अब वह किसी अतिरिक्त कार्रवाई की इच्छुक नहीं हैं। माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित जांच, निष्पक्ष कार्रवाई और प्रभावी निस्तारण यह दर्शाता है कि प्रशासन केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है,बल्कि प्रत्येक प्रकरण का समाधान सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। यह पहल महिलाओं को न्याय,सुरक्षा और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी एवं भरोसेमंद मंच के रूप में निरंतर अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रही है।

रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.