मगरमच्छ के हमले में मृत युवक के परिजनों को 24 घंटे में मिली 5 लाख की सहायता
तरबगंज (गोंडा) : तहसील तरबगंज के ग्राम सनौली मोहम्मदपुर में मगरमच्छ के हमले में हुई युवक की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों को मात्र 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत मृतक भानू की पत्नी श्रीमती किरन को सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
माननीय विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पाण्डेय एवं उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने श्रीमती किरन को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपते हुए भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में शासन और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ा है।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को राहत सहायता की समस्त औपचारिकताएं तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर 24 घंटे के भीतर सहायता राशि स्वीकृत कर पीड़ित परिवार तक पहुंचा दी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के आसपास मगरमच्छ अथवा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन को सूचित करें। साथ ही जलाशयों के समीप अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।
जिला प्रशासन ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं एवं वन्यजीव हमलों जैसी घटनाओं में प्रभावित परिवारों को शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे
No Previous Comments found.