किडनी रोग से जूझ रही महिला को मिला राहत का सहारा, आयुष्मान कार्ड बनवाकर बेहतर उपचार का प्रशस्त होगा मार्ग

गोंडा : जनसुनवाई को प्रभावी, संवेदनशील एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए गंभीर रूप से बीमार महिला की समस्या का तत्काल समाधान कराया। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विकासखण्ड रूपईडीह के ग्राम भुलईडीह निवासी श्रीमती ज्योतिराज, पत्नी श्री फूल चन्द्र चौधरी, अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्या लेकर जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुईं।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं, जिसके कारण उन्हें नियमित रूप से महंगी दवाइयों का सेवन करना पड़ता है तथा समय-समय पर डायलिसिस भी करानी पड़ती है। आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण उनके लिए इलाज का खर्च वहन करना बेहद कठिन हो गया है। 

उन्होंने बताया कि उनके पास ऐसा कोई साधन नहीं है, जिससे उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके। महिला की व्यथा सुनते ही जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता का अन्त्योदय राशन कार्ड तत्काल जारी किया जाए। जिलाधिकारी के निर्देशों का त्वरित अनुपालन करते हुए जिला पूर्ति विभाग ने जनता दर्शन के दौरान ही शिकायतकर्ता का अन्त्योदय राशन कार्ड जारी कर उपलब्ध कराया।

जिलाधिकारी ने बताया कि अन्त्योदय राशन कार्ड जारी होने के उपरांत अब शिकायतकर्ता का आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाया जा सकेगा, जिसके माध्यम से उन्हें सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी। इससे उनके नियमित उपचार एवं डायलिसिस की प्रक्रिया में आर्थिक राहत मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके।

रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.