मां वैष्णो देवी धाम के दर्शन को रवाना हुए 200 श्रद्धालु, चुनरी भेंट कर किया गया भावभीना विदाई समारोह
गोंडा : आस्था और श्रद्धा के पावन माहौल में तहसील तरबगंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लगभग 200 श्रद्धालुओं का जत्था मां वैष्णो देवी धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर चुनरी भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।
माननीय विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय के निर्देशानुसार विधानसभा 299 तरबगंज के अंतर्गत मंडल तरबगंज के शक्ति केंद्र भानपुर के संयोजक जगदंबा प्रसाद तिवारी, निवासी ग्राम पंचायत भानपुर (माजरा बसंतपुर) ने मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें माता की चुनरी भेंट की तथा सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस धार्मिक यात्रा में ग्राम पंचायत रांगी, भानपुर, गौहनिया, जमथा सहित आसपास की तीन-चार ग्राम पंचायतों के करीब 200 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। जय माता दी के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर जगदंबा प्रसाद तिवारी ने कहा कि मां वैष्णो देवी की यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और नई प्रेरणा का संचार करती है। उन्होंने सभी यात्रियों के सुरक्षित एवं सफल दर्शन की कामना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों का दायित्व है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में हरसंभव सहयोग प्रदान करें।
श्रद्धालुओं ने इस आत्मीय सम्मान के लिए विधायक प्रेम नारायण पांडेय एवं जगदंबा प्रसाद तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया और माता रानी के जयकारों के बीच अपनी यात्रा प्रारंभ की।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे
No Previous Comments found.