भाजपा विधायक प्रेम नरायन पांडेय को जान से मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज
गोंडा - तरबगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रेम नरायन पांडेय को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। विधायक के पुत्र विनोद कुमार पांडेय की तहरीर पर तरबगंज थाने में नगर पंचायत बेलसर के वार्ड नंबर छह निवासी सुनील सिंह समेत 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक,7अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे विनोद कुमार पांडेय ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि सुनील सिंह ने सार्वजनिक रूप से विधायक प्रेम नरायन पांडेय को जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में आरोपी द्वारा विधायक को गोली मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विधायक की रेकी कराकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है और इसमें कई अन्य लोग भी शामिल हैं। धमकी से संबंधित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में सुरक्षित होने की बात भी तहरीर में कही गई है।
विधायक के पुत्र ने घटना को गंभीर बताते हुए अपने पिता और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। तहरीर के आधार पर तरबगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और ऑडियो रिकॉर्डिंग का परीक्षण किया जाएगा। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - शिवराम पांडेय
No Previous Comments found.