बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे सीडीओ, ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा

तरबगंज (गोण्डा) :  तहसील तरबगंज क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप सिंह, खंड विकास अधिकारी बेलसर रवि गुप्ता एवं जिला आपदा विशेषज्ञ के साथ बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐलीपरसौली सहित अन्य प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन मजरों की स्थिति भी देखी, जहां बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय कर्मचारियों को प्रभावित लोगों तक तत्काल लंच पैकेट, राशन किट एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखी जाए तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद परिवारों तक समय से सहायता पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
सीडीओ ने ग्रामीणों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए समय से भूसा एवं अन्य आवश्यक चारे की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने राहत सामग्री के वितरण में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ से संबंधित किसी भी समस्या या आवश्यकता की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि उन्हें समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

रिपोर्टर : शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.