तरबगंज थाने में गूंजे कृष्ण भक्ति के सुर, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने मोहा मन
तरबगंज,गोंडा : तरबगंज थाना परिसर में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कोतवाल श्रीधर पाठक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे थाना परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से पूरा थाना परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। जन्मोत्सव को लेकर थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
थाना परिसर में पुलिस द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता से पुलिस और आमजन के बीच आपसी जुड़ाव और सौहार्द की भावना मजबूत होती है।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे
No Previous Comments found.